सहारनपुर। अधिवक्ता एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर हड़ताल रखी। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। हड़ताल की वजह से न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ।
सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा और महासचिव मुनव्वर आफताब ने कहा कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर 40 वर्षों से अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। पश्चिमी यूपी के जिलों के अधिवक्ता इस मांग को लगातार उठा रहे हैं और आंदोलनरत हैं। इसके अलावा अधिवक्ताओं को राजनैतिक दलों, व्यापारिक संगठनों सहित नागरिकों पूर्ण समर्थन मिला हुआ है। जनता की सुविधा को इस लड़ाई में अधिवक्ता वर्ग ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सस्ता और सुलभ न्याय मिलें। अधिवक्ता शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।
इस मांग को विभिन्न मंच पर उठाया गया है, लेकिन सरकार इसकी अनदेखी कर रही है। कई प्रदेशों में हाइकोर्ट बेंच की स्थापना हो चुकी है। महाराष्ट्र में पहले ही तीन बेंच थी, अब चौथी बेंच कोल्हापुर में दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ तो सस्ता एवं सुलभ न्याय देने का वायदा करती है और दूसरी तरफ सरकार हाइकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को पूरा नहीं कर रही है, जो कि सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी न होने तक अधिवक्ता आंदोलन करते रहेंगे। इस दौरान अभय सिंह सैनी, राजेन्द्र सिंह चौहान, स्वराज सिंह, राजेश कुमार, अमरीश पुंडीर, सौरभ जैन, नितिन शर्मा, रमन गुप्ता मौजूद रहे।