वन्य जीव आबादी में घुसे तो तुरंत करें रेस्क्यू टीम को फोन
सहारनपुर। लॉकडाउन में आवाजाही कम होने से वन्य जीव जंगल से निकलकर आबादी की ओर आ रहे हैं। वन्य जीव निरीह है तो उसे कुत्तों से खतरा है, अगर खतरनाक है तो इंसान को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में वन विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर कॉल करने पर आधे घंटे में टीम पहुंचेगी।
सहारनपुर मंडल के अंतर्गत सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के जंगल आते हैं। लॉकडाउन में आवाजाही काफी कम हो रही है। जिसकी वजह से वन्य जीव विशेषकर चीतल, सांभर, पहाड़ा (चीतल), बार्किंग डियर, सांप निकलकर आबादी की ओर पहुंच रहे हैं। वन विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जिसमें कोई वन्य जीव आबादी या गांव में घुसे तो वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया जाए। वन विभाग के अधिकारी लोकेशन लेकर संबंधित रेंजर और वन बीट अधिकारी को सूचित करके जीव को रेस्क्यू कराएंगे। वन संरक्षक सहारनपुर मंडल वीके जैन ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर 9454013247 और सामाजिक वानिकी के प्रभागीय वनाधिकारी वीके सिंह के 9410117840 नंबर पर फोन करके सूचना दी जा सकती है।
चीतल के बच्चे पर कुत्तों का हमला, नोचा
बड़गांव। जंगल से भटक कर शुक्रवार शाम एक चीतल का बच्चा बड़गांव कस्बे में पहुंच गया। जहां उसे कुत्तों ने घेर लिया और काटकर घायल कर दिया। कस्बा निवासी नाथी सिंह ने उसे बचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पशु चिकित्सक डा. प्रमोद कुमार को बुलवाकर घायल चीतल का उपचार कराया और उसे रात में ही जंगल में छुड़वा दिया।