सहारनपुर। अप्रैल से लेकर दिसंबर माह तक जिलेवासी पनीर, दूध और मिठाई आदि खाद्य पदार्थ के रूप में मिलावटी जहर खा गए और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की रिपोर्ट अब लैब से बाहर आई है।
जी हां, इस अवधि के बीच में लिए गए खाद्य पदार्थों के 649 नमूने फेल पाए गए हैं। विभाग ने नोटिस जारी कर दिए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम समय-समय पर दुकानों, फैक्टरी का निरीक्षण करती रहती है। अप्रैल से दिसंबर 2025 तक सहारनपुर मंडल की टीम ने 3914 निरीक्षण किए। 1040 पर छापे की कार्रवाई की है। इसमें पनीर, मिठाई, मावा, दूध आदि खाद्य पदार्थों के 1275 नमूने संग्रहित किए गए। इनमें से 1265 की जांच रिपोर्ट आई। 431 अधोमानक, 176 असुरक्षित और 42 नमूने मिथ्याछाप पाए गए। कुल मिलाकर यह नमूने फेल पाए गए।
नौ महीने की जांच रिपोर्ट में 48 फीसदी नमूने फेल आए हैं। खाद्य पदार्थों में सबसे ज्यादा मिलावट सहारनपुर में हो रही है। इस जिले की रिपोर्ट पर गौर करें तो 55.06 फीसदी नमूने जांच में फेल मिले हैं। दूसरे नंबर पर मुजफ्फरनगर और तीसरे पर शामली जिला है।