- बढ़ती भीड़ को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों में कोच बढ़ाने का लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ट्रेनों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह अतिरिक्त कोच अस्थायी तौर पर जोड़े जाएंगे। बाद में इन्हें हटा लिया जाएगा।
सहारनपुर से छत्तीसगढ़, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए ट्रेनें जाती हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में लगातार यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। इसे देखते हुए रेलवे ने ट्रेन नंबर 18237-38 कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस में यात्रियों की मांग पर एक अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके बाद इस ट्रेन में अतिरिक्त स्वीकृत सीमा यानी कुल 22 एलएचबी कोच हो जाएंगे। यह सुविधा कोरबा से 24 से 31 जुलाई तक और अमृतसर से 26 जुलाई से दो अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 54342-41 देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर में 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दो अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जाएंगे।
आज नहीं आएगी गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र में बारिश के कारण पश्चिम रेलवे के घोलवाड़-उमरगाम रेलखंड के बीच स्थित रेलवे ब्रिज संख्या-203 पर जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। इसके चलते ट्रेन नंबर 12904 अमृतसर-बांद्रा गोल्डन टेंपल शनिवार यानी आज निरस्त रहेगी। इसे लेकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।