सहारनपुर के देवबंद में मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि चुनाव में किसी को भी धन और बल के प्रदर्शन की इजाजत नहीं होगी। यदि कोई इनका इस्तेमाल करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
11 अप्रैल को सहारनपुर समेत आठ सीटों पर होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार देवबंद और बड़गांव में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक की।
आईजी शरद सचान और सहारनपुर एसएसपी दिनेश कुमार पी समेत अन्य अधिकारियों से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों के बारे में जानकारी ली। एडीजी सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर स्थित मेपल्स एकेडमी गए जहां उन्होंने चुनाव के दौरान ड्यूटी पर आने वाले अर्द्धसैनिक बलों के ठहरने की व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने चुनाव को लोकतंत्र का पर्व बताते हुए अधिकारियों को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके उपरांत कोतवाली में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किसी को भी धन और बल का इस्तेमाल करने नहीं दिया जाएगा।
यदि कोई आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी।
एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों को शरारती तत्वों पर नजर रखने व कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रजातंत्र की परंपरा के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीआईजी शरद सचान, एसएपी दिनेश कुमार, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय शर्मा समेत अधिकारी मौजूद रहे।
देवबंद का माहौल विश्व प्रसिद्ध: एडीजी
देवबंद। देवबंद एजुकेशन हब है यहां का माहौल विश्व प्रसिद्ध है। यदि कोई दारुल उलूम की आड़ में माहौल खराब करेगा या उसे बदनाम करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए खुफिया एजेंसियों के अधिकारी बराबर नजर रखे हुए हैं।
दरोगा कुलदीप की मौत की जांच चल रही है: एडीजी
देवबंद। कोतवाली में तैनात ट्रेनी दरोगा कुलदीप कुमार की मौत के मामले में मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रकरण की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। परिवारजनों की इच्छा के अनुरूप जांच को गैर जनपद में ट्रांसफर किया गया है। मृतक के परिवार को न्याय मिलेगा किसी प्रकार की नाइंसाफी नहीं होगी।