सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने सभी जिलाधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जनपद स्तर पर डिस्ट्रिक्ट इंवायरमेंटल प्लान बनाकर कार्रवाई की जाए। तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जों को अभियान चलाकर मुक्त कराया जाए। तालाबों और सरकारी भूमि पर बार बार कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मंडलायुक्त ने निर्देश जारी कर कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने प्रदेश के पर्यावरणीय प्रबंधन के लिए डिस्ट्रिक्ट इंवायरमेंटल प्लान बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल के सभी जिलाधिकारी शीघ्र ही डिस्ट्रिक्ट इंवायरमेंटल प्लान बनाकर उसकी सूचना पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश शासन, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को ई-मेल से भेज दें। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हिंडन नदी के प्रदूषित भूजल क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए प्रस्तावित पाइप वाटर सप्लाई की योजना निर्धारित समय पर पूरी कराई जाएं। मुजफ्फरनगर में 22 एमएलडी एवं बुढ़ाना में 10 एमएलडी क्षमता के प्रस्तावित एसटीपी की स्थापना निर्धारित समय सीमा में कराई जाए। उन्होंने सहारनपुर में 93.6 एमएलडी क्षमता के प्रस्तावित एसटीपी की शीघ्र स्थापना के लिए जरूरी कार्रवाई जल्द पूरी कराई जाए।