सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जाम की समस्या के बचाव के लिए सब्जी मंडी पुल पर दुकानों के सामने सड़क पर फल व सब्जी की रेहडी लगाने वाले और लगवाने वालों का चालान काटे जाएं। उन्होंने नगर निगम द्वारा लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक में उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं को सुनकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने क्लार्क होटल चौराहे से सिविल हॉस्पिटल की तरफ जाने वाली सड़क पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। कहा कि नगर निगम तोता चौक पर लगे ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग के लिए स्टीमेट बनाकर विद्युत निगम को भेजे। सभी अधिकारी बैठक में आने वाले बिंदुओं पर लिखित रिपोर्ट सबमिट करने के साथ- साथ बैठक में भी लेकर आएं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अभिमन्यु मांगलिक,संयुक्त आयुक्त राज्यकर अमित पाठक, हरपाल सिंह वर्मा, नुसरत साबरी, रमेश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।