नानौता में क्लीनिक सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। महिला की मौत के मामले में पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी अप्रशिक्षित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके क्लीनिक को भी सील कर दिया गया है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ नगर के देवबंद रोड गली में स्थित अप्रशिक्षित चिकित्सक डॉ. विकास चंद्र बंगाली के क्लीनिक पर पहुंची। जहां उसका बेटा मिला। कुछ देर बाद विकास चंद्र क्लीनिक पर पहुंचा। टीम द्वारा मांगे जाने पर वह अपनी कोई डिग्री नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम उसे तथा उसके बेटे को लेकर थाने आ गई। जहां पुलिस ने सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सचिन मलिक व डॉ.. अनुज चौहान के शिकायती पत्र पर अप्रशिक्षित चिकित्सक विकास चन्द्र बंगाली (तुलसी दवाखाना) के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे जेल भेजा जा रहा है। जबकि उसके बेटे से पूछताछ की जा रही है। बता दें कि थाना क्षेत्र के गांव बाबूपूरा निवासी एक महिला के पैर के फोडे़ का आरोपी ने आपरेशन किया था। हालत बिगड़ने पर महिला की मौत हो गई थी। महिला के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सीएमओ से शिकायत की थी। सीएमओ के निर्देश पर गठित टीम ने 16 अप्रैल को आरोपी के क्लीनिक पर छापा मारा था। इसमें वहां भारी मात्रा में एक्सपायर दवाइयां बरामद हुई थीं।