सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं, लिखने के मामले में गिरफ्तार दो महिलाओं व एक युवक को कोर्ट से जमानत मिल गई है। आरोपियों के जेल से बाहर आने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
हाल ही में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर लोहे के पुल के पास बैरियर पर दो महिलाओं और एक युवक ने यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं शब्द लिख दिए थे। इस मामले में एनएचएआई की तरफ से 27 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच के बाद जितेंद्र राघव, शारदा और सुलेखा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शनिवार को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद तीनों आरोपी जेल से बाहर आ गए। इस दौरान हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उधर, हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेशाध्यक्ष ललित शर्मा ने शनिवार सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि तीन कार्यकर्ताओं को जेल भिजवाकर जश्न मनाने का मौका देने वालों को बता दें कि जिस संगठन से हम जुड़े हैं, वह बाजी पलटने में देर नहीं लगाता। मां भगवती के आशीर्वाद से तीनों कार्यकर्ता सकुशल घर लौट आए हैं। उधर, एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि तीनों आरोपियों को जमानत मिल गई है।