नकुड़। फेसबुक पर दूसरे समुदाय के एक युवक द्वारा शिवलिंग को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि बुधवार को अंबेहटापीर निवासी एक युवक ने अपने फेसबुक एकाउंट पर शिवलिंग को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी थी। हिंदू समाज के लोगों ने इस आपत्तिजनक पोस्ट को देखा तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया था तथा मामले की सूचना फोन पर पुलिस को दी। सीओ अरविंद सिंह पुंडीर ने बताया कि बुधवार की देर शाम गांव छापुर निवासी अभि गुर्जर ने अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक नासिर निवासी अंबेहटापीर को गिरफ्तार कर लिया है।