-पुराने सिक्के और नोट खरीदने के बहाने बड़ी ठगी का मामला सामने आया
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट। पुराने सिक्के और नोट खरीदने के बहाने एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आयकर विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से करीब 30 लाख रुपये ठग लिए गए हैं। ठगों ने पांच रुपये के पुराने नोट के बदले 25.50 लाख रुपये देने का झांसा दिया था।
पीड़ित राकेश गांव रंड़ौल के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उन्हें हैदराबाद की ओल्ड कॉइन कंपनी लिमिटेड के नाम से फोन आया था। ठगों ने ट्रैक्टर छपे पांच रुपये के पुराने नोट की फोटो और आधार कार्ड व्हाट्सऐप पर मंगवाए। इसके बाद 520 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराया गया। कंपनी के अध्यक्ष के रूप में पंकज सिंह भदौरिया/जयकरण का नाम बताया गया। जौनपुर निवासी विक्रम सिंह राठौर और अंजनी कुमार ने राकेश के बेटे को धमकाया। उन्होंने अलग-अलग खातों में 25 से 30 लाख रुपये जमा करा लिए।
बेहट कोतवाली पुलिस ने विक्रम सिंह राठौर और अंजनी कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को बैंक रसीदें भी सौंपी हैं। राकेश ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने इसी तरह कई लोगों से 10 से 11 करोड़ रुपये की ठगी की है।