सड़क हादसे में मां बेटे की मौत
रामपुर मनिहारान में दिल्ली हाईवे पर एक सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतको के शसव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
थाना सदर बाजार के गांव मनोहरपुर निवासी ओमपाल पुत्र शेर सिंह अपनी माता श्यामो के साथ बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से थाना नानोता के गांव बनहेड जा रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव जंधेड़ा समसपुर व खटकाहेड़ी के बीच पहुंचे तो रामपुर की ओर तेज गति से आ रही सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी ने उन्हे टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार ओमपाल (40) व श्यामो (60) की मौके पर ही मौत हो गई।
टककर के बाद पिकअप गाड़ी पलट गई। सूचना पर थाना प्रभारी विशाल श्रीवास्तव मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया और पिकअप गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक ओमपाल के पुत्र रवि ने घटना संबंधित तहरीर थाना रामपुर में दे दी है।