सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग छात्रों के लिए सुलभ शौचालय बनाए जाने हैं। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बनने वाले शौचालयों पर कई जगहों पर कार्य शुरू भी हो चुका है। पहले यह कार्य एक अप्रैल तक पूर्ण होना था। मगर चूंकि अब समय कम है तो दिव्यांगों के लिए सुलभ शौचालय तैयार करने के लिए अभी समय दिया गया है।
जनपद में परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की संख्या 1604 है। इन विद्यालयों में सामान्य बच्चों के लिए शौचालयों की व्यवस्था पहले से है, मगर अब शासन ने दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शौचालय बनाने के आदेश दिए हैं। यह शौचालय ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बनाए जाने हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुछ विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए रैंप की व्यवस्था पहले से है। इसके अलावा जो विद्यालय ऊंचाई पर हैं। वहां भी सीढ़ियों के साथ रैंप बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले छह माह में शत प्रतिशत विद्यालयों में दिव्यांगों के लिए सुलभ शौचालय बनकर तैयार होंगे।