बिहारीगढ़ के आमवाला में टूटी पड़ी स्कूली की चारदीवारी
- फोटो : SAHARANPUR
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। परिषदीय विद्यालय विभागीय अफसरों की देखरेख के अभाव में बदहाली का शिकार हो गए हैं। सरकार एक तरफ तो परिषदीय स्कूलों को पब्लिक स्कूल के समकक्ष करने के दावे कर रही हैं, दूसरी तरफ इन विद्यालयों में पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक तक तैनात नहीं हैं।
विकास खंड मुजफ्फराबाद के प्राथमिक विद्यालय आमवाला और पुरू के टांडा में सुविधाओं का अभाव है। आमवाला के विद्यालय में 64 बच्चों का नामांकन हैं, उन्हें पढ़ाने के लिए यहां केवल दो शिक्षा मित्र तैनात हैं। इस विद्यालय परिसर में चारों ओर गंदगी के ढेर लगे हैं। विद्यालय के शौचालय गंदगी से अटे होने के कारण चौक हैं। स्कूल की चारदीवारी भी टूटी पड़ी है। परिसर में चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हैं। कक्षाओं में लगे पंखे नहीं चलते हैं। काफी समय से स्कूल भवन में रंगाई पुताई भी नहीं हुई है।
प्राथमिक विद्यालय पुरु के टांडा में 14 बच्चों का ही नामांकन हैं। दो शिक्षा मित्र व एक अध्यापक इन्हें पढ़ाने के लिए तैनात हैं। यहां शौचालय बंद है। स्टाफ से बंद करने की वजह पूछी तो उन्होंने बताया कि शौचालय में एक सांप घुसा हुआ है। ऐसे में मजबूरी में इस पर ताला डाल दिया गया है। बच्चों को शौच आदि के लिए खुले में ही जाना पड़ता है। इस बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वे दोनों स्कूलों की जांच कराएंगे। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बिहारीगढ़ के आमवाला में बदहाल पड़े शौचालय- फोटो : SAHARANPUR