देवबंद। मोहल्ला नेचलगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मोनू (28) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक ने कमरे में तेज आवाज में म्यूजिक चलाया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक कलह में खुदकुशी का लग रहा है।
मोहल्ला नेचलगढ़ स्थित सोमपाल के पुत्र मोनू का शव रविवार को घर के कमरे में लटका मिला। मोनू ने दो दुपट्टों का फंदा बनाया हुआ था। कमरे में तेज आवाज में म्यूजिक चल रहा था। जब उसकी मां कमरे में पहुंची तो बेटे को फंदे पर लटका देखकर चीख निकल गई। शोर की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग वहां इकट्ठा हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची गई।
टीम ने फंदे पर लटके मोनू के शव को नीचे उतारा और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। मोनू मजदूरी करता था। पांच वर्ष पूर्व मोनू की शादी नागल थानाक्षेत्र के सुहागनी गांव निवासी मोनिका से हुई थी। पिछले करीब 15 दिन से मोनू पत्नी और बेटी के साथ ससुराल में रह रहा था। जबकि मजदूरी के लिए प्रतिदिन देवबंद आना जाना रहता था।
रविवार को वह काम पर जाने के बजाए घर पहुंचा और कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के पिता सोमपाल और पत्नी मोनिका ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जिसके चलते शव परिजनों को सौंप दिया।