सहारनपुर। महानगर में पिछले कुछ दिनों से ठग गिरोह सक्रिय है। अब थाना सदर बाजार क्षेत्र में दो युवकों ने छह-सात लाख रुपये का झांसा देकर एक महिला से सोने की चेन और कानों के टॉप्स ठग लिए। घर पहुंचकर महिला ने नोटों की गड्डी देखी तो उसमें केवल 500 रुपये का एक नोट असली मिला, बाकी सभी रद्दी कागज निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली मंडी क्षेत्र में गणेश विहार निवासी सोनिया कर्णवाल ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को किसी काम से कलक्ट्रेट गई थीं। कलक्ट्रेट से बाहर निकलीं तो एक युवक घबराया हुआ मिला। उसने उनसे रुड़की जाने वाली बस के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि बस आगे से मिलेगी। इस पर युवक ने कहा कि उसके थैले में छह-सात लाख रुपये हैं, इसलिए वह घबराया हुआ है और रुड़की तक पैदल ही जाएगा।
इसी दौरान एक अन्य युवक वहां आ गया। पहले युवक ने उसे भी रुपयों की बात बताई। दोनों महिला के साथ पैदल चलने लगे। जीपीओ तिराहा के पास स्थित एक पार्क में पहुंचने पर युवकों ने महिला से कहा कि वह उनके रुपये रख लें। बदले में अपने गले की चेन व कानों के टॉप्स दे दें। महिला ने विश्वास में आकर अपनी सोने की चेन और कानों के टॉप्स उन्हें दे दिए। महिला के सामने ही एक युवक ने थैले से 500-500 रुपये के तीन नोट निकालकर थैला उसे थमा दिया। घर पहुंचकर जांच करने पर गड्डी में केवल 500 रुपये का एक नोट असली मिला, बाकी सभी रद्दी कागज थे। घटना के बाद दोनों युवक महिला के गहने लेकर भाग गए। थाना सदर बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
-
पहले भी हो चुकी इस तरह की ठगी
दो दिन पहले कोतवाली मंडी क्षेत्र में दालमंडी पुल पर बातों में फंसाकर एक महिला ने दो महिलाओं से सोने के आभूषण उतरवा लिए थे। इस महिला का भी अभी तक कोई पता नहीं चला है। इस तरह की घटना होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।