मृतक नेकी राम का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
नागल (सहारनपुर)। गांव और शहरों में छुट्टा गोवंश का आतंक बढ़ रहा है। ताजा मामला गांव नासिरपुर डिगोली का है, जहां गोवंश ने खेत में जाते समय नेकीराम (60) पुत्र रतन सिंह पर हमला कर दिया और पेट में सींग घुसाकर मौत के घाट उतार दिया।
नेकीराम गांव में ही एक किसान के यहां नौकरी करता था। वह खेत पर किसी कार्य के लिए गया था। इसी दौरान वहां पर आवारा छुट्टा गोवंश ने उसे घेर लिया। गोवंश ने नेकीराम को टक्कर मार दी। जब तक वह बचने का प्रयास करते तब तक छुट्टा गोवंश ने सींग पेट में घुसा दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर पास ही गन्ने की चरखी में कार्य कर रहे मजदूरों ने दौड़कर किसी तरह गोवंश को वहां से दौड़ाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल अवस्था में लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन का विरोध जताया। आरोप लगाया कि गोवंश को गोशाला में नहीं भेजा जा रहा है, जिस कारण सड़कों पर उनका उत्पात बढ़ रहा है।
शादी की तैयारियों में लगा है परिवार
मंगलवार को नेकीराम के भतीजे पाल्लू की लड़की की बारात आनी है। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। नेकीराम के दो लड़के एवं दो लड़की हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है।
-
छुट्टा पशुओं की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती घायल
अंबेहटा। सहारनपुर निवासी सुमेरचंद अपनी पत्नी कुसुम के साथ सोमवार दोपहर अंबेहटा की ओर से बाइक द्वारा सहारनपुर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार अंबेहटा से बाहर निकले तो सड़क पर लड़ रहे छुट्टा पशुओं ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।