लकड़ी के गोदाम में आग लगने से अफरा तफरी
बेहट। सड़कपार में शुक्रवार की शाम एक लकड़ी के गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में कई कारीगर काम कर रहे थे। गनीमत रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। लोगों की भीड़ ने पास के मकान में लगे समर्सिबल से पानी डालकर आग पर काबू पाया।
लौहरान निवासी लकड़ी कारोबारी तनवीर पुत्र तौकीर का मोहल्ला सड़कपार में गोदाम है। शाम के करीब पांच बजे कारीगर गोदाम में स्टीमर मशीन से लकड़ी सुखाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन से लकड़ियों में आग लग गई। कारीगर शोर मचाते हुए बिल्डिंग से बाहर भागे और लोगों को मदद के लिए बुलाया। बिल्डिंग से धुएं के गुब्बार निकलते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ ने पास के ही एक मकान में लगे समर्सिबल से पाइप लगाकर आग पर पानी डाला। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। कारोबारी के अनुसार अभी तक नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सका है।