छुटमलपुर। तीन दिन पहले रात के वक्त ठेकेदार द्वारा छुटमलपुर के कलसिया रोड स्थित किसान के खेत से बिना अनुमति काटे गए पांच सागौन और एक आम के पेड़ का विभाग द्वारा एक लाख बीस हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
वन विभाग की मोहंड रेंज के छुटमलपुर सेक्शन से ठेकेदार द्वारा पेड़ कटान की सूचना पर मोहंड से उसी रात वन कर्मचारी पहुंच गए थे। आरोप था कि उस वक्त ठेकेदार लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग गया था। उस वक्त ठेकेदार के आदमियों पर वन कर्मचारियों पर हमला कर लकड़ी से भरी ट्रॉली छुड़वाने के भी आरोप लगे थे हालांकि बाद में इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी।
वन क्षेत्राधिकारी लव सिंह ने बताया कि बाद में शिनाख्त होने पर ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की गई तो वह खुद रेंज कार्यालय पहुंच गया। इसके बाद नियमानुसार आरोपी ठेकेदार गांव बेहड़ा संदल सिंह निवासी सद्दाम से एक लाख बीस हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूल कर सरकारी कोष में जमा कराए गए। लव सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों का बिना अनुमति कटान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
सरसावा। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपी कस्बा निवासी शेर सिंह तथा सुनील को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कस्बा निवासी राजकुमारी ने 22 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि विजय, सुनील तथा शेर सिंह ने उसके बेटे निखिल व उसके दोस्त सुधांशु के साथ गाली गलौज की तथा जान से मारने की नीयत से लाठी डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस ने अवैध खनिज में पकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली
मिर्जापुर। कोतवाली पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार यह वाहन अवैध रूप से खनन सामग्री ढो रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।