गंगोह के मोहल्ला बाहुद्दीन में बारिश के कारण गिरा जर्जर मकान
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। नगर में कई मकान जर्जर हालत में पहुंच गए हैं। ऐसे मकानों की तरफ न तो मालिकों का ध्यान है और न ही प्रशासन गौर कर रहा है। इन मकानों से कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। मंगलवार शाम भी मोहल्ला बाहुद्दीन में बारिश के कारण एक जर्जर मकान गिर गया। गनीमत रही कि महिला बाल-बाल बच गई।
नगर में अब भी पुराने मकानों की संख्या काफी है। अनेक मकान तो ऐसे हैं जिनके स्वामी उन्हें बंद कर बाहर चले गए हैं। ऐसे मकानों की देखभाल न होने के कारण भी वह जर्जर हो रहे हैं। तीन दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश से नगर के कई पुराने मकानों में दरारें आ गई हैं। इसके अलावा कई ऐसे मोहल्ले हैं, जहां मकान जर्जर हालत में या फिर खंडहर हो चुके हैं। नगर के मोहल्ला बाहुद्दीन निवासी सुधा गोयल का मकान है जो जर्जर हालत में था। तीन दिनों से रूक-रूक हो रही बारिश के चलते इस मकान का आगे का हिस्सा मंगलवार शाम गिर गया। गनीमत रही कि मकान मालकिन सुधा किसी तरह बाल-बाल बच गई। महिला का कहना है कि उसके पति रमेश की मौत हो चुकी है। उसके पास आय का कोई साधन भी नहीं है। महिला का कहना है उसने कई बार नगर पालिका के ईओ से जर्जर मकान के हालत के बारे में बता कर मदद की गुहार लगाई है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उधर ईओ कृष्ण मुरारी का कहना है कि महिला को प्रधान मंत्री आवास योजना से मकान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जर्जर मकानों के मालिकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
गंगोह के मुहल्ला बाहुद्दीन में खड़ा जर्जर मकान और उस पर लगा बर:जली का बाक्स- फोटो : SAHARANPUR