शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में बैशाख माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां के चरणों में परिवार की सुख समृद्धि की अरदास लगाकर प्रसाद चढ़ाया।
सिद्धपीठ में भीड़ का आलम ऐसा था कि सभी व्यवस्थाएं धरी रह गई। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते श्रद्धालुओं का रैला उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी थी कि वापसी द्वार पर भी सैकडों की संख्या में लोग अंदर जाने का प्रयास करते दिन भर दिखाई दिए, जिन्हें संभालने में पुलिस को पसीने छूट गए। भूरादेव से मां के भवन तक लेटकर आने वाले भक्त भी काफी संख्या में मनोकामना पूर्ण होने पर पहुंच रहे हैं। पुलिस द्वारा सभी वाहनों को भूरादेव से पूर्व ही रोका जा रहा था। भूरादेव के पास वाहनों का लंबा जाम लग गया था। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइन अस्थाई पुल को पार कर गई थी। दोपहर बाद तक भी श्रद्धालुओं का सिद्धपीठ में आना जाना लगा था।