सहारनपुर। सीबीआई की टीम एनआरएचएम घोटाले के आरोपी संजय अरोड़ा को गिरफ्तार कर गाजियाबाद ले गई। मंगलवार को गाजियाबाद से आई सीबीआई की टीम ने संजय अरोड़ा के रामनगर पठानपुरा स्थित आवास पर कुर्की की कार्रवाई की थी। कुर्क सामान क्षेत्र के पूर्व सभासद प्रवेश धवन की मौजूदगी में सुपुर्दगी कराई थी। रात में टीम ने आरोपी संजय अरोड़ा को गिरफ्तार किया।
संजय अरोड़ा एनआरएचएम में अंधता निवारण कार्यक्रम में चश्में वितरण के लिए फर्जी बिल बनाने सहित कुछ अन्य अनियमितताओं में आरोपी है। इस मामले में सीबीआई की जांच के बाद गाजियाबाद की विशेष अदालत में उनकी पेशी थी, लेकिन बार-बार सम्मन जारी होने के बावजूद संजय के पेश न होने के कारण सीबीआई की विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इस आदेश पर सीबीआई की टीम मंगलवार को थाना सदर पुलिस को साथ लेकर रामनगर पठानपुरा में संजय अरोड़ा के आवास पर पहुंची थी।
सीबीआई के सब इंस्पेक्टर सुधाकर की अगुवाई में मंगलवार को टीम ने आरोपी के घर में सामान की कुर्की करने के बाद क्षेत्र के पूर्व सभासद प्रवेश धवन की मौजूदगी में सुपुर्दगी कराई। सीबीआई और पुलिस के सूत्रों ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई के बाद रात में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम संजय को गाजियाबाद ले गई है। सूत्रों के अनुसार टीम संजय अरोड़ा को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश करने के इरादे से यहां से लेकर गई। सीबीआई की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग के अन्य अफसरों में भी बेचैनी रही।