नागल (सहारनपुर)। पुलिस ने वाहन चेकिं ग के दौरान वाहन में लदा दो कुंतल मांस बरामद किया। मांस सब्जी की क्रेटों के नीचे प्लास्टिक के बोरों में भरकर मुजफ्फरनगर भेजा जा रहा था। पुलिस ने भाग रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। दो भागने में सफल रहे। पुलिस ने तीनोें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बरामद मांस को गड्ढे में दबवा दिया।
विज्ञापन
सोमवार शाम पुलिस सीड़की चौकी पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान गागलहेड़ी की ओर से आ रही बुलेरो को रोकने पर उसमें से तीन लोग उतर कर भागने लगे। पुलिस ने एक को दौड़ कर पकड़ लिया। दो भागने में सफल रहे। वाहन की तलाशी में उसमे सब्जी के क्रेटाें के नीचे मांस से भरे प्लास्टिक के बोरे छुपाये हुए थे। पुलिस ने पशु चिकित्सक सुभाष मलिक को मौके पर बुलाकर मांस का परीक्षण कराया। चिकित्सक ने उसे गोमांस बताया।
पकडे़ गये तस्कर ने पुलिस को अपना नाम इमरान निवासी मिमलाना रोड मुजफ्फरनगर बताया। भागने वाला गाड़ी मालिक नफीस और मुन्ना खालापार मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। वाहन से करीब दो कुंतल मांस बरामद हुए। उसे मिर्जापुर क्षेत्र से मुजफ्फरनगर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर इमरान को जेल भेज दिया।