सहारनपुर। अंबाला हाईवे पर सोमवार की सुबह प्राइवेट बस ने हिमाचल प्रदेश डिपो की बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में दस यात्री घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हिमाचल डिपो की बस चंबा से सवारियां लेकर हरिद्वार जा रही थी। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही बस अंबाला हाईवे पर पीएनटी सेंटर के सामने पहुंची, पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हिमाचल डिपो की बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना के बाद चालक प्राइवेट बस को लेकर भागने लगा। उसे नकुड़ तिराहा चौकी पर पुलिसकर्मियों ने रोक लिया, लेकिन चालक बस के कूद कर भाग गया।
उधर, पेड़ से टकराने के बाद हिमाचल डिपो की बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। हादसे में ऊना के सुहारी टिकौली निवासी चालक उदय शर्मा, राजरानी निवासी नूरपुर कांगड़ा, बाबूराम निवासी भांडा नूरपुर कांगड़ा, उनकी बेटी प्रिया, प्रेम भूषण निवासी धारवा चंबा, वजर सिंह निवासी मियार फतेहपुर कांगड़ा, राजमल निवासी नैनी घाट चंबा के अलावा प्राइवेट बस में सवार मेरठ के भगनपुरा ब्रह्मपुरी निवासी अशोक, उनकी बेटी उपासना और जयभगवान घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।