सहारनपुर। सर्दी आते ही रेलवे के अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैक पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। कोहरे के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित संचालक के लिए पटरियों पर इस्तेमाल होने वाले पटाखे अब सात के बजाय पांच साल चलाए जाएंगे।
उत्तर रेलवे अंबाला मंडल से सहायक मंडलीय संरक्षा अधिकारी रजनीश गोयल ने सहारनपुर में सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर पटाखों के प्रयोग से जुड़ी तकनीकी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पहले पटाखे की लाइफ सात साल थी। अब इसे पांच साल कर दिया गया है ताकि पटाखे अधिक सक्रिय रहें।
बाद में वरिष्ठ रेलवे स्टेशन अधीक्षक अरविंद शर्मा के कार्यालय पर सेमिनार में अधिकारियों को भी सेफ्टी से जुड़े टिप्स दिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि रेलवे क्रासिंग वाले सभी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। इससे हादसों में कमी आएगी। सहायक मंडलीय अभियंता इंद्र कुमार ने भी कोहरे के समय की सावधानियों पर जोर दिया। सीएलआई एलएल मीना, वरिष्ठ खंड अभियंता सुशील चौधरी, मुख्य यार्ड मास्टर शिवपाल, उप स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार त्यागी, यातायात निरीक्षक कपिल शर्मा, पूर्ण चंद शर्मा, सुभाष कुमार, पवन, समंदर, दलीप, राजीव रंजन, अनिल कुमार गौड़ आदि मौजूद रहे।