सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र के गांव बास्तम में पंजाब नेशनल बैंक शाखा की तरफ से ग्राहक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चार गांवों को पुरस्कार मिला। इन चार गांवों का एक भी खाता एनपीए (नॉन परफॉर्मेंस एकाउंट) नहीं है और लिया गया ऋण समय पर जमा कराया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पीएनबी के मंडल प्रमुख मानवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने बैंक ग्राहकों की तारीफ की तथा समय पर ऋण की अदायगी के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने आंकड़ों के हिसाब से समझाया कि समय से ऋण जमा करना, किसी भी तरह की कर्जमाफी से ज्यादा लाभदायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के विषय में जानकारी दी। लीड बैंक मैनेजर राजेश चौधरी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, एमएसएमई योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में बताया तथा किसान क्रेडिट कार्ड को नियमित चलाया जाने के बारे में बताया। शाखा प्रबंधक आलोक जादौन ने ग्राहकों को डिजीटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान गांव बास्तम की ओर से ग्राम प्रधान विनय कुमार, गांव फरीदपुर की ओर से प्रधान सुखबीर सिंह, भवनपुर व धर्मपुर गुर्जर की ओर से ग्राम प्रधान सोमपाल को सम्मानित किया गया। शाखा प्रबंधक ने बताया कि इन चारों गांवों के लोगों का एक भी खाता एनपीए नहीं हुआ, बल्कि लिया गया ऋण समय पर जमा कराया जाता है। कार्यक्रम के दौरान 50 लोगों को पीएनबी भीम एप डाउनलोड कराया गया। इन ग्राहकों ने संकल्प लिया कि हम कम से कम 100 अन्य लोगों को पीएनबी भीम एप से जोड़ेंगे।