खनन वाहनों को रोककर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बेहट (सहारनपुर)। यमुना नदी में प्रतिबंधित मशीनों से अवैध खनन किए जाने के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। रॉयल्टी कर्मचारियों पर अवैध तरीके से खनन एवं खनिज का परिवहन कराने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को मिर्जापुर क्षेत्र के भुड्डी गांव में आसपास के कई गांवों के लोगों ने खनिज से भरे वाहनों को रोककर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि खनन वैध होना चाहिए और खनन कार्य में स्थानीय लोगों की हिस्सेदारी सुनिश्चित कराई जाए। बता दें कि यमुना नदी में केवल नुनियारी अहतमाल में खनन पट्टे का अनुबंध हुआ है। इसके अलावा कहीं कोई खनन पट्टा नहीं है, लेकिन नूनियारी अहतमाल के पट्टे की आड़ में कोतवाली बेहट क्षेत्र में बरथा असलमपुर, बरथा कोरसी, थाना मिर्जापुर क्षेत्र के कोठड़ा व रहना आदि घाटों पर अवैध खनन किया जा रहा है। इतना ही नहीं, पट्टा धारक के कर्मचारी अपने पट्टे पर कच्चे माल पर रायल्टी वसूलने के बजाय रास्तों में खनिज से भरे वाहनों से पक्के माल पर रायल्टी वसूल रहे हैं। अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को मिर्जापुर क्षेत्र के गांव भुड्डी में कस्बागढ़, नागल, नंदपुर, जोड़ियों, कड़ाईवाला, अकबरपुर बांस व नगली आदि के ग्रामीणों ने खनिज से भरे वाहनों को रोक कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था, कि यमुना नदी में प्रतिबंधित मशीनों से किए जा रहे अवैध खनन के खिलाफ पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है और अवैध तरीके से वसूली जा रही रायल्टी कर्मचारियों के प्रति भी प्रशासन का रुख नरम है। ग्रामीण हरिओम प्रधान, आदेश, राजू प्रधान, पप्पू, रिंकू, आशू, श्रीकांत, सुनील, बबलू, मंसूर, इस्लाम, गोकल, अफजल, मसरूफ, शमीम, तनवीर, जुनैद, ओमपाल आदि ने कहा कि खनन वैध तरीके से होना चाहिए और खनन कार्य में उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित कराई जाए। खनन कार्य में बाहरी वाहनों को वह कतई नहीं चलने देंगे। वाहनों को ग्रामीणों द्वारा रोकने की सूचना पर रायल्टी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से उनकी बात पर विचार करने के लिए बुधवार तक का समय मांगा। इसके बाद ही ग्रामीणों ने वाहनों को जाने दिया।