सहारनपुर। पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर 2018 का शुभारंभ किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस लाइन में यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी एवं यातायात उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने एवं दूसरों को प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई।
यातायात माह का शुभारंभ एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में आशा मॉडर्न स्कूल, पाइनवुड स्कूल, सहारनपुर पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी एकेडमी, मेरी डेल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के संबंध में जानकारी दी तथा बच्चों के यातायात संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई गई कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा अपने परिवारजनों को पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर यातायात उपकरणों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी देने हेतु पोस्टर बैनर की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के बाद स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा यातायात नियमों संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां एवं बैनर के साथ एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। एसपी यातायात विनीत भटनागर ने बताया कि यातायात माह नवंबर में प्रत्येक कार्य दिवस पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के एक स्कूल में यातायात पुलिस द्वारा बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, सीओ प्रथम इंदु सिद्धार्थ, सिद्धार्थ सिंह, राम शरण सिंह, चोब सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी यातायात तेज प्रताप सिंह, प्रोगेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक सुरेंद्र चौहान एवं सुधीर जोशी, चीफ ट्रैफिक वार्डन डॉक्टर योगेंद्र दुधेरा मौजूद रहे।