गंगोह। पुलिस अधीक्षक की सख्ती के बावजूद गंगोह पुलिस खनन से लदे वाहनों से अवैध वसूली की जा रही है। मामले का खुलासा एक ऑडियो वायरल होने से हुआ है। इसमें कोतवाली के पास स्थित एक गांव निवासी दलाल कोतवाली पुलिस के नाम पर अवैध वसूली की बात कर रहा है। आडियो वायरल होने पर पुलिस मे हड़कंप मचा है।
गंगोह पुलिस का एक ऑडियो व्हाट्सअप पर वायरल हो रहा है। इसमें खनन से लदे वाहनों के कोतवाली क्षेत्र में प्रवेश के लिए पुलिस का आदमी दिन के 1500 और रात के एक हजार रुपये मांग रहा है। जब संपर्क करने वाले व्यक्ति ने यह कहा कि दिन के ज्यादा और रात के रुपये कम क्यों है। तो उसने बताया कि दिन में सीओ भी राउंड पर रहते हैं और गंगोह कोतवाली में पुलिस की 4 गाड़ियां हैं। इस पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने सौदेबाजी कर उस आदमी को दिन और रात दोनों के हिसाब से 1000-1000 रुपये देने की बात तय कर ली। इसके बाद उस आदमी ने बताया कि सीओ की हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है। बाकी गंगोह पुलिस की पूरी जिम्मेदारी रहेगी। वह खनन से भरे वाहन के आगे अपनी बाइक रखकर वाहन को गंगोह कोतवाली सीमा से बाहर करा देगा। एसपी देहात विद्या सागर मिश्र का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। मामले का संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी।