डग्गामार वाहन चालक और रोडवेजकर्मी में मारपीट
गंगोह। रविवार सुबह रोडवेज परिचालक सूरज के साथ एक डग्गामार वाहन चालक की सवारियां बैठाने को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद उनमें मारपीट होने लगी। मामला कोतवाली तक पहुंचा तो पुलिस ने दोनों को कोतवाली लाकर वही बैठा लिया। इससे रोडवेज कर्मियों में रोष फैल गया। उनका कहना था कि पुलिस डग्गामार वाहनों को रोकने के बजाय संरक्षण दे रही है। उन्होने सुरक्षा की मांग करते हुए सहारनपुर मार्ग पर बसों का संचालन बंद कर दिया। संचालन बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद पुलिस ने रोडवेज कर्मियों के साथ बातचीत के बाद दोनों को छोड़ दिया। इसके बाद ही बसों का विधिवत संचालन आरंभ हो सका।
बता दें कि रोडवेज स्टाफ एवं डग्गामार वाहन संचालकों के बीच कई बार सवारियों को लेकर झड़प हो चुकी है। आरोप है कि डग्गामार वाहन संचालक रोडवेज बस स्टैंड पर ही आकर सवारियां बैठाते है, रोडवेज स्टाफ के मना करने पर उनमें झडप हो जाती है। रोडवेज कर्मियों का कहना है कि रोडवेज बस स्टैंड से पांच सौ मीटर दूर तक कोई वाहन सवारियां नहीं बैठा सकता।