सहारनपुर। गन्ना विभाग ने भी कृषि विभाग की तर्ज पर विभागीय योजनाओं में डीबीटी अर्थात डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना लागू कर दी है। अब उन्हीं किसानों को गन्ना विभाग की योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिन्होंने कृषि विभाग की वेबसाइट पर जाकर गन्ना विभाग के पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा रखा है।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि इस समय पोर्टल खुला हुआ है, किसान अपना पंजीकरण करा सकते हैं। जो किसान पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें गन्ना विभाग की किस योजना का लाभ चाहिए, इसकी डिटेल भरनी होगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक कृषि विभाग की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें अपने आधार कार्ड, खतौनी, मोबाइल नंबर के साथ अपना पंजीकरण करना होगा। इसके लिए किसान संबंधित गन्ना विकास परिषदों, सहकारी गन्ना विकास समितियों और चीनी मिल समिति जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण कराने पर ही आधार और प्राथमिक पौधशाला, प्रदर्शन, कृषि यंत्र, समितियों से कीटनाशक रसायन, जैव उर्वरक, माइक्रोन्यूट्रिएंट आदि पर अनुदान पर मिल सकेगा। बताया कि सभी योजनाओं में पहले आओ पहले पाओ के सिद्धांत को अपनाया जाएगा।