थाने से निराश न लौटे पीड़ित यही बेहतर पुलिसिंग
छुटमलपुर (सहारनपुर)। उप्र शासन के प्रमुख सचिव प्रौद्योगिकी हेमंत राव ने बुधवार को फतेहपुर थाने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों को उचित सम्मान के साथ ही उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी के दौरे पर रोगियों को हर संभव चिकित्सा मुहैया कराने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देश अधिनस्थों को दिए।
सुबह साढ़े 11 बजे बारिश के बीच सीडीओ संजीव रंजन के साथ थाने पहुंचे हेमंत राव को गारद ने सलामी दी। कार से उतरते ही हेमंत राव ने कार्यालय और मालखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि हर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए। थाने स्तर से पीड़ित किसी भी सूरत में निराश होकर ना लौटे। यही बेहतर पुलिसिंग है। थाने में एक घंटा रुकने के बाद प्रमुख सचिव ने पास ही स्थित 30 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। यहां उन्होंने दवा स्टोर, चिकित्सक, ओपीडी कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, ओटी, एक्स रे रूम, लेबर रूम, डेंटल रूम और नेत्र रोग विशेषज्ञ के कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने डेंटल कक्ष में डेंटल चेयर के सही काम नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। प्रसव पीड़िताओं के लिए बने 30 बिस्तर वाले अस्पताल को विभाग को हैंडओवर होने के बाद भी शुरू न होने पर उन्होंने सीएमओ को तत्काल संसाधन उपलब्ध करा चालू कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान थाने में एसपी देहात विद्याशरण मिश्र, सीओ सदर बीपी सिंह, एसडीएम नकुड़ अमित आसेरी, अस्पताल में सीएमओ बीएस सोढ़ी, चिकित्सा प्रभारी डा नवदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।