सरकारी स्कूलों की संपत्ति और
आय की जांच कराने के निर्देश
सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडे ने परिषदीय विद्यालयों की भूमि से होने वाली आय को सरकारी खाते में जमा नहीं करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को इन विद्यालयों की जमीनों की स्थिति और उनसे होने वाली आय की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों की जमीन पर होने वाली खेती से होने वाले धन की बंदरबाट के मामलों पर संज्ञान लेते हुए सभी एसडीएम को इसकी जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इन जमीनों और उनसे होने वाली आय की स्थिति की जांच की जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने बताया मत्स्य पालन के पट्टों से पहले के बकाया दो करोड़ रुपये में एक करोड़ 58 लाख रुपये वसूल लिए गए हैं। इस पर डीएम ने बकाएदार पट्टाधारकों को आरसी जारी करने के निर्देश भी दिए।