सहारनपुर। साइकिल से ड्यूटी के लिए पेपर मिल जा रहे एक कर्मचारी की किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू कपिल विहार निवासी चंदूलाल (59 वर्ष) पुत्र मंगलूराम पेपर मिल में काम करता था। मंगलवार की रात भी चंदूलाल ड्यूटी पर जाने के लिए साइकिल पर घर से निकला था। जब वह पेपर मिल मार्ग पर ही वृंदावन गार्डन के सामने पहुंचा तो उसी समय तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे चंदूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने चंदूलाल के परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन चंदूलाल को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के भाई राम किशन ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।