देवबंद में नामांकन पत्रों की जांच, एक नामांकन निरस्त
देवबंद (सहारनपुर)। निकाय चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूरा हो गया। इस दौरान आरक्षित श्रेणी के बजाए अनारक्षित में किए गए एक नामांकन पत्र को निरस्त कर दिया गया। आज नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।
नामांकन प्रक्रिया में शुक्रवार तक 13 अध्यक्ष पद और 216 सभासद पद के लिए नामांकन किए गए थे। शनिवार को हुई नामांकन पत्रों की जांच में एक नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया। तहसीलदार परमानंद झा ने बताया कि आरक्षित वार्ड से अनारक्षित नामांकन पत्र दाखिल किया गया था, जिसे निरस्त कर दिया गया। रविवार को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। जबकि 13 नवंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। एसडीएम रामविलास यादव का कहना है कि निकाय चुनाव को निष्पक्ष रुप से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन वचनबद्ध है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।