गंगोह (सहारनपुर)। ला. किशनचंद राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय में एकात्मवाद के प्रणेता और गरीबों के हमदर्द पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। भाषण व काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शोएब और काव्य पाठ प्रतियोगिता में अक्सा प्रथम रही।
कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर प्राचार्या प्रमोद कुमारी ने माल्यार्पण कर की। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्राचार्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का आर्थिक चिंतन गरीब वर्ग खासतौर से समाज के अंतिम छोर पर खड़े निर्बल व्यक्ति को लाभान्वित करने वाला है। इसके बाद भाषण व मानवतावाद पर काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में शोएब अंसारी ने प्रथम, जसबीर सिंह ने द्वितीय व मिन्टू कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि काव्य पाठ प्रतियोगिता में अक्सा प्रथम, नेहा द्वितीय व राधा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. केएस गुप्ता, डॉ. अमित कुमार, डॉ. वृतिका ढिल्लन, डॉ. ऋतु वर्मा, सचिन गौतम व ऋषिपाल सिंह ने भाग लिया। इनके अलावा श्री रामबाग सरस्वती शिशु मंदिर में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन मनाया गया।