सहारनपुर। प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश सरकार द्वारा लघु एवं सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का ऋण माफ करने को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद किसानों के हित में उठाया गया यह सबसे बड़ा कदम है। वह फसली ऋण मोचन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण के लिए दिल्ली रोड स्थित आईटीआई मैदान पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
शाही ने कहा कि विधान सभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने किसानों से ऋण माफ करने का वादा किया था, जिसे सरकार बनने के बाद निभाया भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकार ने किसानों की पूरी तरह अनदेखी की। यही वजह रही कि किसान कर्ज में डूबने की वजह से टेंशन में आ गया था, मगर अब ऐसा नहीं होगा। सरकार पूरी तरह किसानों के साथ है। यदि भारत को विकसित करना है तो किसानों की आय को कम से कम दोगुना करना होगा, जिसके लिए सरकार प्रयासरत है। शाही ने दावा किया कि चीनी मिलों के शुरू होने से पहले किसानों के गन्ने के बकाए का भुगतान करा दिया जाएगा। गेहूं की फसल की तरह धान की विक्री की जाएगी। गेहूं की फसल पर दस रुपये बोनस दिया गया था, जो धान की फसल पर 15 रुपये किया गया है। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में लघु एवं सीमांत 14.5 लाख किसानों को सिंचाई उपकरण 90 फीसदी अनुदान पर तथा सामान्य किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर देने की बात कही। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं, जिससे सीधे तौर पर किसान को नुकसान होता है। ऐसे में किसानों को चाहिए कि वह प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराएं। बीमा होने के बाद फसल बर्बाद होने पर किसान को नुकसान नहीं होगा। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकारों की गलत नीतियों की वजह से अन्नदाता कर्ज में डूबा हुआ था, जिसके सिर से कर्ज का बोझ भाजपा की सरकार उतार रही है। सरकार भविष्य में भी किसान के साथ खड़ी है। गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि किसानों के हित में सरकार का यह कदम मील का पत्थर साबित होगा। योगी सरकार ने किसानों के मुरझाए चेहरों पर रौनक ला दी है। रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने योजना के तहत लाभान्वित किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा चुनाव से पहले किया था उसे आज पूरा किया है। देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने प्रदेश सरकार के कदम को सराहा। इस मौके पर डीएम पीके पांडेय, एसएसपी बबलू कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, सीडीओ संजीव रंजन, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, मामचंद लांबा आदि मौजूद रहे।