सरसावा (सहारनपुर)। अंबाला रोड पर ग्राम जलालपुर के पास टेंपो के साथ बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक बुरी तरह से घायल हो गया। जिसकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। राहगीरों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम झरौली बहलोलपुर का निवासी सनेष 28 वर्ष पुत्र बालूराम शाम करीब 7 बजे किसी काम से बाइक से सरसावा जा रहा था। जैसे ही वो ग्राम जलालपुर के पास पहुंचा सामने से आ रहे टेंपो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार गिर पड़ा तथा उसका सिर सड़क में जा लगा। इससे बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई। इसी बीच राहगीरों ने टेंपो चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस गांव वालों की सहायता से घायल युवक को लेकर अस्पताल के लिए चली, लेकिन घायल की रास्ते में मौत हो गई। एसओ सरसावा ने बताया कि मृतक के परिवार की ओर से तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।