सहारनपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने स्वीप कार्यक्रम से जुडे़ अधिकारियों को मतदाताओं के मतदान के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में मतदान का प्रतिशत बढ़ाया जाए।
सोमवार को डीएम ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम आयोजित कर जिले के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के प्रति जागरूक किया जाए। इससे जनपद में मतदान का प्रतिशत बढे़गा। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार को सभी ग्राम प्रधानों को अपने-अपने ग्रामसभा में शत-प्रतिशत मतदान कराने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा को पेट्रोल पंपों पर मतदाता जागरूकता हेतु स्टीकर चिपकाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर, पेट्रोल पंपों पर जो भी गाड़ी आएगी और ऑयल एवं अनाज देते समय जो भी पर्ची दी जाए, उस पर मतदान की तिथि अंकित होनी चाहिए। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि आईएमए के साथ बैठक करके उन्हें मतदाता जागरूकता में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर अनीता सोनकर और सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों से मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने में अपनी भूमिका अदा करने का आह्वान किया।