बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहंड से पहले एक मोड़ पर देहरादून की ओर जा रहे ट्रक में रोडवेज बस की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बस चालक व परिचालक सहित बस में सवार करीब 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को फतेहपुर अस्पताल भिजवाया। दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर भेज दिया गया। थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है।
घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। छुटमलपुर डिपो की रोडवेज बस यूपी 30 एपी 2646 बिहारीगढ़ की ओर देहरादून जा रही थी। पुलिस के मुताबिक बिहारीगढ़ की ओर से एक ईंटों से भरा ट्रक की देहरादून जा रहा था। इसी दौरान रोडवेज बस की ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही सवारियों में कोहराम मच गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना पुलिस ने सभी घायलों को 100 डायल व 108 की मदद से फतेहपुर अस्पताल भिजवाया। जहां बस चालक प्रवेश व कुंदन पुत्र शंकर लाल निवासी कसौला उत्तरकाशी की हालत गंभीर होने के कारण दोनों को देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक बस में चालक परिचालक व दो महिलाओं सहित करीब 11 लोग घायल हुए है। घायलों में बिजेंद्र, शलेंद्र, भूमो देवी, परिचालक जितेंद्र, दिनेश भारती निवासी उत्तरकाशी, केशव निवासी डोईवाला, प्रकाश चंद, बाबूराम, बिजेंद्र आदि घायल हुए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस के अनुसार हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ है।