सहारनपुर। जिला कारागार में आयोजित स्पो फिएस्टा स्पंदन के दूसरे दिन हुई प्रतियोगिता में बंदी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में बैरक नंबर दो के नीर ने सबसे अधिक दूरी पर गोला फेंका कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रस्साकशी का क्वार्टर फाइनल में बैरक नंबर एक और दो की टीम जीती।
जिला कारागार में दूसरे दिन रस्साकशी, गोला फेंक और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बुधवार की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ जेल अधीक्षक डॉक्टर वीरेश राज शर्मा ने टॉस कराकर किया। रस्साकशी का क्वार्टर फाइनल बैरक नंबर व दो तथा बैरक नंबर 7 एवं आठ की टीमों की बीच खेला गया। जिसमें बैरक एक एवं दो की टीम ने सात एवं आठ की टीम को हरा दिया। गोला फेंक प्रतियोगिता में बैरक दो के नीर ने 34.5 फीट गोला फेंक कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे बैरक नंबर तीन के सोमवीर ने 33.6 फीट तथा तीसरे स्थान पर रहे बैरक नंबर आठ के देवराज ने 32.5 फीट पर गोला फेंका। इसके अलावा कबड्डी एवं बैडमिंटन के मैच भी खेले गए। जेल अधीक्षक डॉक्टर वीरेश राज शर्मा ने बताया कि समाज एवं जेल को जोड़ो अभियान के तहत शीतकालीन खेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पुरुषों की मेंढक दौड़ तथा महिलाओं के लिए मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर केके दीक्षित, हिमांशु रौतेला, सूबेदार यादव मौजूद रहे।