गंगोह (सहारनपुर)। बुधवार को गंगोह से करनाल के लिए रोडवेज द्वारा बस सेवा का शुभारंभ किया गया। विधायक प्रदीप चौधरी ने रोडवेज डिपो से हरी झंडी दिखाकर पहली बस को रवाना किया। इसके अलावा श्री शिवलोक पुरी आश्रम में दृष्टि एक प्रयास द्वारा उपलब्ध कराए गए शव सुरक्षित रखने के फ्रिजर का भी लोकार्पण किया गया।
गणेश शंकर विद्यार्थी चौक के पास स्थित रोडवेज डिपो पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें बिना पक्षपात के सर्व समाज के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। सरकारी सुविधाओं का लाभ आमजन को दिलाना उनकी प्राथमिकता में है। कहा कि गंगोह वाया बिड़ोली करनाल के लिए सात बसों का संचालन शुरू हो गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पानीपत और देहरादून के लिये बस सेवा शुरू कराने के लिये उनके प्रयास अभी जारी हैं। आरएम मनोज कुमार ने कहा कि वह क्षेत्रवासियों को अच्छी बस सेवा देने के लिए संकल्पित है और जल्दी ही अन्य मार्गों पर भी बसे चलाई जाएंगी। इसके उपरांत विधायक प्रदीप चौधरी ने हरियाणा के करनाल जाने वाली पहली बस को हरी झंडी दिखा कर एवं नारियल फोड़ कर रवाना किया। आरएम ने बताया कि बसों का संचालन सुबह सवा आठ बजे रोडवेज कार्यशाला से शुरू होकर सायं साढे़ पांच बजे तक होगा। जबकि वापसी का समय करनाल से सवेरे सात बजे से सायं साढे़ पांच तक रहेगा। इसके अलावा एक बस मुजफ्फरनगर से बिरालसी, मौरा, जड़ौदापांडा, भोजपुरा, तिलफरा, नानौता से वाया गंगोह होते हुए करनाल जाया करेगी। गंगोह से चंडीगढ़ के लिए भी दो अन्य बसें भी शुरू कर दी गई है। एआरएम जगदीश सिंह, यातायात अधीक्षक टीएस सक्सेना, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी नाथीराम, संयुक्त परिवहन संगठन के क्षेत्रीय मंत्री सुधीर कुमार, अनुज कुमार, नरेश कुमार, चौधरी पप्पू रादौर, डा. ओमपाल सैनी, प्रधान मुनेश, भाजपा नगराध्यक्ष मुकेश राणा, नाथीराम, विकास राणा, विनोद कुमार आदि रहे। इसके अलावा श्री शिवलोक पुरी आश्रम में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में विधायक ने दृष्टि एक प्रयास संस्था द्वारा उपलब्ध कराए गए शव सुरक्षित रखने के फ्रिजर का भी लोकार्पण किया। अध्यक्ष डा. एसआर सैनी, डा. अमित गर्ग, डा. मनोज जैन, राकेश गोयल, अनिल मित्तल, पीयूष गोयल, सचिन भारद्वाज, गगन गर्ग, शशीकांत शर्मा, डा. विनित अग्रवाल, पूर्व सभासद डा. राकेश गर्ग, आशु गर्ग, अरविंद टेबक, राकेश गर्ग, नौशाद चौधरी, श्रवण शर्मा, राजेश्वर शर्मा, सुहेल खान आदि मौजूद रहे।