सहारनपुर। नगर निगम के वाहनों में करीब चार वर्ष पहले लगाई गई जीपीएस डिवाइस गायब हो गईं। इसकी जानकारी होने पर नगरायुक्त ने नाराजगी जताई है। उन्होंने डिवाइस का पैसा संबंधित वाहनों के चालकों के वेतन से काटने को कहा है, जिसे लेकर चालकों में खलबली है।
नगर निगम की जेसीबी, कचरा ढुलाई वाहनों और अन्य सरकारी गाड़ियों का गलत इस्तेमाल न हो। इसके लिए करीब चार वर्ष पहले नगर निगम ने सभी गाड़ियों को जीपीएस से जोड़ने का निर्णय लिया था। गाड़ियों में जीपीएस डिवाइस लगाने के लिए एक कंपनी को ठेका दिया गया था। कंपनी ने ज्यादातर गाड़ियों में डिवाइस लगाई थी, मगर पूरा भुगतान नहीं होने की वजह से जीपीएस चालू नहीं किया गया था। अब नगर निगम गाड़ियों में जीपीएस को चालू कराने की तैयारी में है। मगर जब वाहनों की जांच की गई तो ज्यादातर वाहनों से जीपीएस की डिवाइस गायब है। नगरायुक्त ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित चालकों के वेतन से डिवाइस का पैसा काटने के निर्देश दिए हैं। उधर, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि वह जल्द ही सभी वाहनों को जीपीएस से जोड़ने की तैयारी में हैं।