सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर डीएम आलोक कुमार पांडेय ने बुधवार को चीनी मिल प्रबंधन और गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। भुगतान नहीं करने वाली मिलों को शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए गए। गन्ना माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश गन्ना विभाग के अधिकारियों को दिए।
डीएम को बताया गया कि चीनी मिल देवबंद, नानौता और सरसावा द्वारा पेराई सत्र 2017-18 का पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। चीनी मिल शेरमऊ द्वारा दो दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है, जबकि चीनी मिल गागनौली द्वारा सॉफ्ट लोन एक माह में प्राप्त होने पर गन्ना मूल्य का भुगतान करने का आश्वासन दिया। चीनी मिल गागलहेडी का कोई प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। सभी चीनी मिलों को बकाया भुगतान पर विकास कमीशन का भुगतान भी शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए गए। गन्ना ढुलाई करने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि चीनी मिल पेराई क्षमता के अनुसार गन्ना पेराई करें और पेराई क्षमता के अनुसार ही गन्ना समितियों को इंडेंट दिया जाए। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी केएमएम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।