अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने की मांग
सहारनपुर। विहिप ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने की मांग की है। इसी मांग के साथ एक दिसंबर से देवबंद से शंखनाद रैली का आयोजन करने की घोषणा भी की गई है।
शनिवार को नवीननगर स्थित सभागार में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र प्रमुख सामाजिक समरसता विरेंद्र, प्रांत कार्याध्यक्ष जयपाल और विभाग उपाध्यक्ष रमेश चंद शर्मा ने कहा कि विहिप संत समाज के निर्देशन में कार्य करता है। संत समाज का मानना है कि अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर को लेकर अदालत का व्यवहार निराशाजनक रहा है। न्यायालय के पास कई अन्य मुद्दों पर फैसला देने के लिए समय है। लेकिन हिंदुओं की आस्था के लिए श्रीराम मंदिर बनवाने के लिए नहीं है। उन्हें न्यायालय से न्याय की उम्मीद खत्म हो गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि अध्यादेश लाकर राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाया जाए। इसके साथ ही एक दिसंबर को देवबंद में शंखनाद रैली का आयोजन कर सांसद के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजने की घोषणा की। इस दौरान शिव कुुमार गौड़, रविंद्र तोमर, मांगेराम, आशीष रोड, कमलेश अग्रवाल, कपिल मोहड़ा, सुनील मित्तल, देवेंद्र कुमार, विकास त्यागी, मुदित नारंग, हरीश कौशिक, सचिन गुर्जर, आजाद सिंह, तरसपाल मौजूद रहे।