सुभाष चौक पर दो घंटे जाम में फंसे रहे स्कूली बच्चे
देवबंद (सहारनपुर)। गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्राली के मजनूवाला रोड पर जाम में फंस जाने से राहगीर की नहीं बल्कि स्कूलों बच्चों को भी दो घंटे तक भारी परेशानी उठानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर ट्राली के निकल जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका।
गन्ना सीजन शुरू होते ही नगर में जाम की समस्या विकट होने लगी है। रविवार की रात जहां रणखंडी रोड पर करीब एक किमी तक लोग जाम में फंसे रहे। वहीं, सोमवार को मजनूवाला रोड पर भी लोगों को दो घंटे तक जाम की समस्या से जूझना पड़ा। हुआ यूं कि शुगर मिल में गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली सांय करीब 3 बजे सुभाष चौक के समीप लगे जाम में फंस गई। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगना शुरू हो गई। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी हो गई। जिससे स्कूली बच्चे भी जाम में फंस गए। पुलिस की सहायता से ट्रैक्टर ट्राली को जाम से निकाला गया। जिसके बाद जाम खुलने पर स्कूली बच्चों और लोगों ने राहत की सांस ली। नगर के समाजसेवी संगठनों ने प्रशासन से गन्ना सीजन संपन्न होने तक बाहर से आने वाले गन्नों से लदे ट्रैक्टर ट्रालियोें और बोगियों को नगर के बाहरी रास्तों से गुजारने की व्यवस्था कराने की मांग की है।