फरियादियों की समस्याओं का हो तत्काल निस्तारण : एसएसपी
सहारनपुर। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा है कि थाने पर फरियादियों की शिकायतें नहीं सुनी जा रही हैं और मामले दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। फरियादी परेशान होकर पुलिस कार्यालय पहुंच रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों को तुरंत दर्ज किया जाए। एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध बैठक ले रहे थे। उन्होंने जिले में अभी तक विभिन्न मामलों का खुलासा न होने को लेकर भी नाराजगी जताई। जनपद में नकबजनी, चोरी की घटनाओं को लेकर थानाध्यक्षों के नकारे रवैया को लेकर भी नाराजगी प्रकट की। क्षेत्राधिकारी द्वारा उनके सर्किल क्षेत्र में बढ़ रही घटनाओं को रोकथाम के लिए कोई ठोस रणनीति बनाने को लेकर उनको सचेत किया।
एसएसपी ने कहा कि चोरी और अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए चौकी प्रभारी और 20 कर्मचारियों को जवाबदेह बनाया जाए। उन्होंने लगातार अवैध वसूली की आ रही शिकायतों के संबंध में सभी थानाध्यक्षों को इस ओर ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अवैध वसूली में लिप्त पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उन्हें अवगत कराया जाए।
बैठक में कैराना लोकसभा सीट के चुनाव को लेकर दो विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति एवं तैयारी की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को असलहा जमा करने की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा और अवांछित तत्वों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। उन्होंने वांछितों की गिरफ्तारी न होने पर थाना प्रभारियों को सचेत किया।
उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों में सभी वांछित अपराधियों की गिरफ़्तारी की जाए और उनके रिश्तेदार और आसपास के मोहल्लों में उनके वांछित होने के संबंध में मुनादी करा दी जाए।
बैठक में एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर एवं सभी सीओ भी मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया
अपराध बैठक के बाद एसएसपी बबलू कुमार ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर भीम आर्मी द्वारा किए गए हंगामे को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह एवं एलआईयू के सीओ सुधीर कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र दिया। ग्रेडिंग के आधार पर कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी को बेस्ट थानाध्यक्ष का प्रशस्ति पत्र दिया गया। घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मुबारिक हसन को सम्मानित किया गया। इसके साथ सुपर कॉप के प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।