सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि मनुष्य को दूसरे की मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करने में जो सुख की अनुभूति होती है, उससे बड़ी अनुभूति जीवन में कोई दूसरी नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में बड़ी ताकत है, वह जो ठान लेता है, उसे पूरा करके ही मानता है।
मंगलवार को मंडलायुक्त ने जनमंच के नजदीक लोक कल्याण समिति की ओर संचालित होने वाले अपना स्टोर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हर घर में जरूरत का ऐसा सामान जो उनके उपयोग का नहीं है अपना स्टोर में दान कर सकते हैं। यह सामान जरूरतमंदों के उपयोग में लाया जाएगा। अपना स्टोर का शुभारंभ होने से जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता का सामान मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर हम अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत कर लें तो लक्ष्य में सफल हो जाएंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि अपना स्टोर सहारनपुर की जनता के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस स्टोर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को अपनी जरूरत का सामान मिल सकेगा। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं और आम जनता का आह्वान किया कि वे अपना स्टोर के संचालन करने में हर संभव मदद करें। मंडलायुक्त ने कई जरूरतमंदों को सामान भी वितरित किया। लोक कल्याण समिति के सचिव शीतल टंडन ने बताया कि अपना स्टोर पर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे जरूरतमंदों के लिए सामान उपलब्ध होगा। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार आदि रहे।
पोस्ट आफिस में भी होगा आधार नामांकन
सहारनपुर। आधार नामांकन की सुविधा अब हेड पोस्ट आफिस, जनरल पोस्ट आफिस एवं सब पोस्ट आफिस के माध्यम से भी मिलेगी।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव संजीव सरन ने सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को जारी परिपत्र में यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग देश के अंतिम छोर तक सेवाएं प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाता है। भारत सरकार की पहल पर प्रदेश के हेड पोस्ट आफिस, जनरल पोस्ट आफिस एवं सब पोस्ट आफिस में भी आधार नामांकन की सुविधाएं प्रदान की जाएगी।