लखनौती (सहारनपुर)। सूखी पड़ी बूढ़ी यमुना नदी में धड़ल्ले से अवैध रेत खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा खनन किए जाने की शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज किसानों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
गंगोह कोतवाली के गांव डबकोला-बानूखेड़ी के आसपास के क्षेत्र में अवैध रेत खनन जोरों पर है। इन गांवों के किसान सीटी, पाल्ला, सोनू आदि का कहना है कि उनके खेत यमुना से लगते हुए हैं। इनमें पिछले एक पखवाड़े से रेत का अवैध खनन हो रहा है। इस कारण से उनके खेतों के नीचे करीब 50-60 फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। उनके खेत किसी भी समय नीचे गिर सकते हैं। किसानों का यह भी कहना है कि यमुना नदी से प्रतिदिन करीब एक हजार भैंसा बुग्ग्गियां भरी जाती है। इनमें से कुछ बुग्गी मालिक सीधे ही रेत को बेचते हैं और कुछ व्यापारियों को बेच देते हैं। इन्हीं बुग्गियों के माध्यम से रात में ट्रालियां भी भरी जाती है जो रात के अंधेरे में बेची जा रही हैं। किसानों का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से लेकर तहसील अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इससे नाराज किसानों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक करने की बात कही है। यदि तब भी कार्रवाई नहीं होती है तो वह भाकियू संग सड़कों पर आकर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उधर, खनन अधिकारी पंकज सिंह कहना है कि शिकायत मिली है। पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।