जंगल में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत
देवबंद (सहारनपुर)। डेहरा गांव में पिछले 15 दिन से तेंदुआ के दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में हैं। तेंदुआ के भय के चलते किसान खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं। हालांकि ग्रामीण इस मुसीबत से छुटकारा पाने के लिए जंगलों की घेराबंदी भी कर रहे हैं। लेकिन तेंदुआ उनके हाथ नहीं आ रहा है।
मंगलवार सुबह भी कुछ किसानों को खेत में काम करते तेंदुआ दिखाई पड़ा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग भाला, बल्लम और बरछी आदि हथियार लेकर जंगल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तेंदुआ को जंगलों में काफी तलाशा। लेकिन वह हाथ नहीं आया। किसान रिखीराम कश्यप ने बताया कि सुबह के समय अपने खेतों में तेंदुआ के पैरों के निशान देखने को मिले। जब वह कुछ आगे बढ़ा तो उसने झाड़ियों से तेंदुआ को बाहर निकलते देखा। डर के मारे वह खेत में ही अपना फावड़ा छोड़कर गांव की तरफ दौड़ पड़ा। ग्रामीण विनय त्यागी, रहूत कश्यप, सैंकी त्यागी, सोमनाथ, रतन, राजेश, मयंक त्यागी, राजपाल, मदन त्यागी आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें भी तेंदुआ जंगल में दिखाई दे रहा है। इस कारण किसान खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं। बाद में ग्रामीण एकत्र होकर जंगलात विभाग के दफ्तर में पहुंचे और कर्मचारियों को तेंदुआ के पैरों वाले फोटो दिखाते हुए उसे पकड़ने की मांग की। वहीं, डीएफओ विजय कुमार से जब वार्ता करनी चाही तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जिस कारण संपर्क नहीं हो पाया।